गौचर। प्रस्तावित ऑल वेदर रोड का काम शुरू करने के लिए शुक्रवार को हाईवे का ड्रोन सर्वे किया गया। दिल्ली की कंपनी कास्ता ने ड्रोन कैमरे से गौचर से लंगासू तक हाईवे और इसके आसपास की स्थिति का आंकलन किया। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार सर्वे रिपोर्ट नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को सौंप दी जाएगी।
शुक्रवार सुबह जब राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर ड्रोन कैमरा उड़ता दिखाई दिया तो बार लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई, लेकिन बाद में पूछताछ करने पर पता चला कि ड्रोन से हाईवे का हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को रुद्रप्रयाग से गौचर तक और शुक्रवार को गौचर से लंगासू तक राष्ट्रीय राजमार्ग का ड्रोन सर्वेक्षण किया गया। कास्ता कंपनी के सहायक प्रबंधक महिताब ने बताया कि ड्रोन से राष्ट्रीय राजमार्ग की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर राजमार्ग की स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सर्वेक्षण की विस्तृत रिपोर्ट एनएचआईडीसीएल को सौंपी जाएगी।