श्रीनगर। यहां जीआईएंडटीआई मैदान और गौचर खेल मैदान में 10 दिसंबर से होने जा रहे गढ़वाल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अदिति पैलेस में खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न हुई। नीलामी में 700 से अधिक खिलाड़ियों की बोली लगाई गई। नीलामी में 14 टीमों के लिए 230 खिलाड़ी खरीदे गए।
आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रहे जीपीएल सीजन टू में खेलने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया था। ट्रायल के माध्यम से नीलामी के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। खिलाड़ियों की बोली की रकम 2500 से 15000 के मध्य रखी गई थी। 30 खिलाड़ियों के लिए 15000 तक की बोली लगी। रविवार को अदिति पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अदिति स्मृति न्यास के सचिव गिरीश पैन्यूली ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से युवाओं में खेल के प्रति जागरूता बढ़ेगी। नीलामी प्रक्रिया में 14 टीमों के मालिक व प्रबंधक शामिल हुए। जीपीएल कमेटी के सचिव कुलवीर उनियाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जयदीप भट्ट एवं राहुल कैंतुरा ने किया।
दिल्ली से आएगी लाइट
जीपीएल सीजन टू में इस बार डे एंड नाइट मैच की व्यवस्था की गई है। स्थानीय जीएनटीआई मैदान में रात्रि के मैच के लिए खास तौर पर दिल्ली से बड़ी लाइटें मंगवाई जा रही है। आयोजन समिति के सदस्य नीरज रावत ने बताया कि दिल्ली से लाइट मंगवाई गई है। अदिति स्मृति न्यास की ओर से जीएनटीआई मैदान को इसके लिए खास तौर पर सजाया जाएगा और इन लाइटों को लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
नयार पैंथर्स सबसे महंगी टीम
जीपीएल सीजन टू के लिए इस बार सबसे महंगी टीम नयार पैंथर्स है। नयार पैंथर्स ने सबसे अधिक 2 लाख 65 हजार में खिलाड़ियों को खरीदा, जबकि उत्तरकाशी थेसर्स सबसे सस्ती टीम है।
जीपीएल में ये होंगी टीमें
पौड़ी हेरीकेंस, श्रीनगर स्मैशर्स, टिहरी स्कोचर्स, चमोली रॉयल्स, कोटद्वार नाइट राइडर, देहरादून इगल्स, गैरसैंण लैपर्ड, केदार घाटी, हरिद्वार मैमर्स, रूद्रप्रयाग ब्लास्टर, उत्तरकाशी थेसर्स, मसूरी हिल्स, लैंसडौन बॉरीयर्स व नयार पैंथर्स।