धूल फांक रही है हाट बाजार योजना की फाइल
-- पंद्रह हजार आबादी को हाट बाजार लगने से होगा फायदा, गौहरीमाफी में है हाट बाजार लगाने की योजना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने व काश्तकारों को उनकी फसल का सही दाम दिलाने के उद्देश्य से गौहरीमाफी में हाट बाजार लगाने की फाइल मंडी समिति में धूल फांक रही है। इसके लिए भूमि के चिह्निकरण व सीमांकन होने के बावजूद भी वर्ष 2016 से युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने की हाट बाजार की योजना परवान नहीं चढ़ पाई है। युुवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गौहरीमाफी की ओर से साप्ताहिक हाट बाजार लगाने के लिए 16 अगस्त- 2016 को मंडी समिति को प्रस्ताव भेजा गया था। जिसके बाद मंडी समिति ने ग्राम पंचायत को हाट बाजार के लिए प्रस्तावित स्थल का सीमांकन व आवश्यक दस्तावेज मांगे।
इसके बाद ग्राम पंचायत ने पांच बीघा ग्राम समाज की भूमि का सीमांकन कर मंडी समिति को रिपोर्ट भेजी। क्षेत्र में हाट बाजार की योजना से स्थानीय काश्तकार, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर खुलने थे, मगर रिपोर्ट मिलने के बाद भी कृषि उत्पादन मंडी समिति के जिम्मेदार अधिकारियों ने हाट बाजार योजना की ओर कोई गौर नहीं किया।
15 हजार आबादी को फायदा मिलेगा
गौहरीमाफी में हाट बाजार लगने से रायवाला, प्रतीतनगर, बीईजी कैंप क्षेत्र के करीब पंद्रह हजार लोगों को इसका लाभ पहुंचेगा। ग्रामीण क्षेत्र के छोटे काश्तकार अनाज, फल, सब्जी आदि सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे।
ग्रामीण महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने के लिए वर्ष- 2016 में मंडी समिति को प्रस्ताव भेजा गया था। मंडी समिति को गौहरीमाफी मेें हाट बाजार लगानेे के लिए भूूमि सीमांकन व आवश्यक दस्तावेज भी सौंपे जा चुके हैं, लेकिन इस पर समिति द्वारा अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया।
-- सरिता रतूड़ी, ग्रामप्रधान गौहरीमाफी
कोट्स
मामला संज्ञान में नहीं है। यह विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र का मामला है। लिहाजा हाट बाजार लगाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।
-- ताजेंद्र नेगी, ओएसडी प्रेमचंद अग्रवाल विधानसभा अध्यक्ष।