अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
नारायण सेवा संस्था उदयपुर की ओर से देवपुरा चौक स्थित भारत सेवा संघ में आयोजित सम्मान समारोह में अनाथ, निराश्रितों, बुजुर्गों की सेवा में कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री वैश्य बंधु समाज के अशोक अग्रवाल, शशी अग्रवाल, ऋतु तायल, वीके गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, महावीर मितल व समस्त कार्यकारिणी को मेवाड़ी टोपी व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्री वैश्य बंधु समाज के संस्थापक अशोक अग्रवाल ने कहा कि नारायण सेवा संस्थान देश भर में सेवा भाव से कार्य कर रही है। गरीब, असहाय, निर्धन परिवारों को लगातार चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवा आदि प्रदान करती चली आ रही है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का इलाज निशुल्क किया जाना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि श्री वैश्य बंधु समाज के लोग लगातार नारायण सेवा संस्थान से जुड़े हुए हैं हर संभव मदद पहुंचाने का कार्य भी किया जा रहा है। शशी अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांगों को नि:शुल्क शिक्षा, रोजगार प्रदान करना नारायण सेवा संस्थान का मुख्य उद्देश्य हैं। देश के विभिन्न राज्यों में 18 वर्ष से कम आयु के निराश्रित बच्चों को भोजन, वस्त्र, दैनिक उपभोग की वस्तुएं, शिक्षा को प्रदान करना प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण में सहयोग देना प्रशंसनीय है। श्री वैश्य बंधु समाज नारायण सेवा संस्थान के सामाजिक कार्यों में सदैव प्रतिभाग करता रहेगा।