अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रसंघ ने कुलसचिव को ज्ञापन देकर सेमेस्टर परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। संस्कृत विवि में अंतिम तिथि 15 नवंबर के बाद 250 रुपये लेट फीस के साथ छात्र-छात्राओं के सेमेस्टर परीक्षा फार्म जमा किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड संस्कृत विवि में 25 नवंबर तक लेट फीस के साथ छात्रों के सेमेस्टर परीक्षा फार्म जमा किए जाएंगे। सोमवार को छात्रसंघ अध्यक्ष रविंद्र नौटियाल और महामंत्री कुलदीप भट्ट के नेतृत्व में छात्रों ने विवि के कुलसचिव गिरीश कुमार अवस्थी से वार्ता करते हुए बिना लेट फीस के साथ छात्र-छात्राओं के सेमेस्टर परीक्षा फार्म 25 नवंबर और लेट फीस के साथ 30 नवंबर तक सेमेस्टर परीक्षा फार्म जमा कराने की मांग की। साथ ही छात्रों ने विवि में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति करने, विवि परिसर में छात्रों के लिए खेल का मैदान तैयार करने और वाटर कुलर की जल्द व्यवस्था करने पर कुलसचिव का आभार व्यक्त किया। छात्रसंघ अध्यक्ष रविंद्र नौटियाल ने बताया कि जल्द ही छात्रों का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा में शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलकात करेगा। उत्तराखंड संस्कृत विवि के कुलसचिव गिरीश कुमार अवस्थी ने बताया कि छात्रों की मांग पर सेमेस्टर परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।