श्रीनगर। डीएवी कॉलेज देहरादून ने एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि की अंतर महाविद्यालयी पुरुष बास्केटबाल की चैंपियनशिप जीत ली है। डीएवी ने रोमांचक मैच में मेजबान बिड़ला परिसर श्रीनगर को 59-45 अंकों से हराया।
रविवार को गढ़वाल विवि की अंतर महाविद्यालयी पुरुष बास्केटबाल प्रतियोगिता का फाइनल खेला गया। इसमें मेजबान बिड़ला परिसर श्रीनगर और डीएवी के बीच कड़ी टक्कर हुई। डीएवी ने 59-45 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप पर कब्जा कर लिया। डीएवी की ओर से मयंक और राठी जबकि बिड़ला की ओर से विशाल और प्रदीप ने शानदार खेला।
दो दिन तक चली प्रतियोगिता में 7 टीमों (बिड़ला परिसर श्रीनगर, स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल, एजुकेशन कॉलेज हरिद्वार, डीएवी कॉलेज देहरादून, श्री गुरु राम महाविद्यालय देहरादून, राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार व डीबीएस कॉलेज देहरादून) ने प्रतिभाग किया था। चौरास परिसर निदेशक प्रो. डीपी सकलानी ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।