फोटो :---------------
उड़ीसा के परिवार ने कॉकटेल से की तौबा
-- मैती संस्था द्वारा चलाए अभियान से जुड़कर शादी में शराब न परोसने की तीर्थनगरी में ली शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर। मैती संस्था की ओर से चलाई जा रही शराब विरोधी अभियान से प्रभावित होकर उड़ीसा का एक परिवार अभियान से जुड़ा है। इस परिवार ने तीर्थनगरी पहुंचकर शादी में शराब नहीं परोसने की शपथ ली। परिवार की ओर से संस्था द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम की प्रशंसा भी की। उड़ीसा के अटोपुर में रहने वाले हिमांशु शेखर को सोशल मीडिया के माध्यम से तीर्थनगरी की मैती संस्था के द्वारा चलाए जा रहे शराब विरोधी अभियान की जानकारी मिली। लिहाजा वह इससे प्रभावित होकर परिवार सहित तीर्थनगरी पहुंचे और मैती संस्था से संपर्क साधा। बताया कि हिमांशु की शादी इसी माह 25 नवंबर को होनी है। लिहाजा उन्होंने निश्चय किया कि वह अपने गांव में होने वाली शादी में मेहमानों को शराब नहीं परोसेंगे।
उन्होंने संस्था के सदस्यों को विवाह में आने का न्योता भी दिया। संस्था ने उनसे इसके लिए शपथपत्र भरवाया व मैती पौधा भेंट किया। बताया गया कि संस्था की कॉकटेल विरोधी मुहिम में जुड़ने वाले अन्य परिवारों में श्यामपुर से मंजू कुकरेती, देहरादून से राजा भट्ट, गुमानीवाला से राजेंद्र गुसाईं आदि शामिल हैं। संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी ने बताया कि मुहिम में सहयोग करने वाले परिवारों को शादी के बाद मैती संस्था द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ताकि इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर संस्था की सदस्य गीता मलिक, भूमा देवी, चेंचुला देवी, मकानी देवी, मगनी देवी, सरोज गैरोला, जमुना देवी, ममता देवी, कमला नेगी, संपति देवी आदि मौजूद थे।