राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में चार शूटर चयनित
-- दिसंबर महीने के दौरान केरल में आयोजित होगी प्रतियोगिता
-- गन एंड गन शूटिंग अकादमी की ओर से लेंगे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। केरल स्थित त्रिवेंद्रम में दिसंबर माह में राष्ट्रीय राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में गन एंड गन शूटिंग अकादमी ऋषिकेश के चार शूटरों का चयन हुआ है। सोमवार को रेलवे रोड स्थित अकादमी के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि 11 से 31 दिसंबर तक केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए ऋषिकेश से शूटर का चयन 17वीं अखिल भारतीय जीवी मावलंकर निशानेबाजी प्रतियोगिता और नई दिल्ली में संपन्न हुई 37वीं नार्थ जोन निशानेबाजी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन पर हुआ है।
बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य की ओर से अकादमी के आस्था शर्मा, आशीष कर्णवाल, रमन अग्रवाल और सुखदेव जोशी को चयनित किया गया है। उधर पूर्व खेल मंत्री और उत्तराखंड राज्य राइफल संघ के अध्यक्ष नारायण सिंह राणा अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए होने पर खुशी जताई है। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।