अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
हत्या, लूटपाट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं में कई बाहरी लोगों की भूमिका उजागर होने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में होटलों, ढाबों व किरायेदारों के यहां जाकर चेकिंग व सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है।
एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के निर्देश पर पुलिस ने क्षेत्र में सभी किरायेदारों, मेडिकल स्टोरों, प्राइवेट अस्पतालों, होटलो व ढाबों पर काम करने वाले कर्मचारियों का भौतिक सत्यापन तेज कर दिया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार और शनिवार को कटारपुर, फेरूपुर, धनपुरा, मुस्तफाबाद, पदार्था, शाहपुर, धारीवाला, बादशाहपुर, नसीरपुरकलां, शेरपुर, भट्टीपुर आदि स्थानों पर चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाया। जांच के दौरान तमाम ऐसे किरायेदार कर्मचारी पाए गए जिनका कोई सत्यापन नहीं कराया गया है। इनमें उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, समेत कई दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल हैं। थानाध्यक्ष गजेंद्र बहुगुणा का कहना है कि क्षेत्र में रहने वाले सभी किरायेदारों का सत्यापन कराया जा रहा है। जो मकान मालिक बगैर पुलिस सत्यापन के किसी को भी कमरा किराये पर देगा, उस पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के बारे में कंपनियों को भी लिखा पढ़ी की जा रही है, ताकि कर्मचारियों का भौतिक सत्यापन कराया जा सके। सत्यापन टीम में फेरूपुर चौकी प्रभारी मनोज रावत, उपनिरीक्षक लक्ष्मण दत्त जोशी, शिवकुमार, सुनील राठी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।