पोखरी। बीडीसी बैठक में अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जन प्रतिनिधियों के विरोध के बाद स्थगित कर दी गई। गुस्साए जन प्रतिनिधियों ने ब्लॉक कार्यालय पर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
बुधवार को ब्लाक की बीडीसी बैठक होनी थी। इसके लिए ब्लाक के जन प्रतिनिधि सुबह ग्यारह बजे ब्लॉक सभागार पहुंच गए थे। ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। बैठक में सर्वप्रथम ग्राम प्रधान मोहन लाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र पाल भंडारी ने बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न पहुंचने पर विरोध शुरू कर दिया। इस पर अन्य जन प्रतिनिधि भी उनका समर्थन कर बैठक का बहिष्कार करते हुए सदन से बाहर निकल आए। इसके बाद जन प्रतिनिधियों ने ब्लॉक कार्यालय के सामने जिला प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, बीडीओ सुरेश राणा, वीरेंद्र बर्तवाल, गोपाल पंवार, दीपक बिष्ट और सुभाष डिमरी आदि मौजूद थे।