गैरसैंण। मेला मैदान में आयोजित किसान एवं पर्यटन विकास मेले के दूसरे दिन स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीत और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। देर शाम तक पंडाल में मेलार्थी डटे रहे। इस दौरान किसान गोष्ठी में किसानों को कई जानकारियां दी गईं।
रविवार को आयोजित कार्यक्रमों में सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने डांडा धारियूं मां..., बाल सदन के बच्चों ने मेरी गैल्याणि..., धर्मा देवी प्राथमिक विद्यालय ने नाक नथूली..., गुरुकुल विद्या निकेतन ने प्यारी लछिमा..., एसजीआरआर ने खुटियूं की झावेरी..., आदर्श पब्लिक स्कूल ने ओटूआ बेलण, ओटूआ बेलण मेरी रश्मिरो मैरा... आदि लोक संस्कृति एवं नृत्य गीतों की प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मेले प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान ही नहीं बल्कि विकास का संवाहक भी हैं। इस दौरान मेले में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें तहसील के विभिन्न गांवों से आए किसानों को मौसम के अनुकूल होने वाली फसलों, उत्पादन के विपणन, कीटों और विभिन्न बीमारियों से होने वाले नुकसान की जानकारियां दी गईं। मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों में लोगों ने कृषि उपकरण, बर्तनों सहित गर्म कपड़ों को खरीदने में रुचि दिखाई। साथ ही जलेबी की दुकानों पर खूब भीड़ उमड़ी। मेले में प्रमुख सुमति बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार और कृष्णा नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और मेला समिति के लोग मौजूद थे।
मेले में आज
- सुबह 11 बजे सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
- साढ़े 11 बजे महिला मंगल दलों के कार्यक्रम
- ढाई बजे जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के सांस्कृतिक कार्यक्रम।