गोपेश्वर। जिला पंचायत सभागार में आयोजित जनता दरबार में मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी उर्वादत्त भट्ट ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों की 123 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की दर्ज की गईं।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम मेें सीएम के ओएसडी उर्वादत्त भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण है। कहा कि जनता दरबार का आयोजन न्याय पंचायत स्तर पर भी किया जाएगा। इस दौरान सुधा बिष्ट ने आदर्श कालोनी व शक्ति नगर के पैदल मार्गों पर पेयजल लाइनों के लीकेज की शिकायत की। इस पर ओएसडी ने जल संस्थान के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गैर गांव निवासी बल्लभ प्रसाद थपलियाल ने गैर पुल से गैर गांव तक स्वीकृत सड़क निर्माण की मांग उठाई। जिला पंचायत सदस्य भागीरथी कुंजवाल ने नैल कुड़ाव मार्ग पर डामरीकरण व बणद्वारा कांडई मार्ग का निर्माण करने, चंद्रशेखर ने जोशीमठ स्थित ग्राम सलूड से हेलंग 5 किमी पैदल मार्ग का सुधारीकरण करने और सुनील कोठियाल ने पीपलकोटी में खेल मैदान निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, अनुसूया प्रसाद भट्ट, रघुवीर सिंह बिष्ट, महावीर रावत, टीका प्रसाद मैखुरी, हरक सिंह, विजय सती, पुष्पा पासवान, चंद्रकला तिवारी, चंद्रकला खंडूरी, ऊषा रावत और मोहन पंत आदि मौजूद थे।