श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के मंच में रविवार को देश की विभिन्न संस्कृतियां देखने को मिली। विभिन्न स्कूली छात्रों की ओर से दी गई गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसार, हिंदी सहित कई गीतों की प्रस्तुति का दर्शकों ने लुत्फ उठाया। बच्चों की गीतों से लेकर पारंपरिक परिधानों ने दर्शकों का मन मोहा।
बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में स्कूलों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्तराखंडी लोक गीत, देश भक्ति गीत और भारत के विभिन्न राज्यों के नृत्य प्रस्तुत किए। मेले की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ डीएम रुद्रप्रयाग मंगेश घिल्डियाल ने किया। उन्होंने बच्चों की तैयारी और कला की सराहना की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन मैठानी ने डीएम को बताया कि द्वितीय राजभाषा को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें बच्चों ने बहुत शानदार नृत्य नाटिका पेश की। इस पर डीएम के समक्ष संस्कृत नाटिका भी पेश की गई। विद्यालयों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता तीन वर्गों प्राइमरी, जूनियर व सीनियर वर्ग में संपन्न हुई। प्राइमरी व जूनियर वर्ग में 21-21 और सीनियर वर्ग में 18 स्कूलों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में थीम के आधार पर विभिन्न वर्गों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्राइमरी वर्ग को उत्तराखंड के लोक नृत्य, जूनियर वर्ग को देश भक्ति और सीनियर वर्ग को भारत के विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक नृत्य की थीम दी गई। देश रंगीला रंगीला देश मेरा रंगीला, ये देश वीर जवानों का, मेरे देश की धरती सोना उगले, जय हो और मां तुझे सलाम जैसे गीतों से पांडाल सराबोर रहा। संचालन सभासद अनूप बहुगुणा ने किया।
..............
बीपीएड की टीम ने जीती रस्सा-कस्सी
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के चौथे दिन जीआईएंडटीआई मैदान में महिलाओं की रस्सा-कस्सी स्पर्धा आयोजित हुई। इसमें 7 टीमों ने प्रतिभाग किया। स्पर्धा का फाइनल केंद्रीय गढ़वाल विवि श्रीनगर के शारीरिक शिक्षा विभाग (बीपीएड) और सेंट थेरेसास कांवेंट स्कूल श्रीनगर के बीच खेला गया। इसमें बीपीएड की टीम विजयी रही।
कीर्तन प्रतियोगिता में छह टीमों का चयन
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के चौथी शाम मेला पांडाल बोल बम-बम, आधा है सिर पर चंद्रमा तेरे बाबा शंभू मेरे और भगवती तू दैणी ह्वे जा जैसे कीर्तनों से गूंज उठा। अवसर था मेले में कीर्तन प्रतियोगिता आयोजन का। रविवार को आयोजित कीर्तन प्रतियोगिता (शहरी) में 24 टीमों ने भाग लिया। इनमें से मिलन, सिद्धिविनायक, पंचकेदार, तीरथधाम,केशवराय व कमलेश्वर कीर्तन मंडली का चयन फाइनल मुकाबले के लिए हुआ। प्रतियोगिता में सफल टीम 8 नवंबर की शाम सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देंगी। इसी दिन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा। शकुंतला रावत, डा. विकास फोदणी व वीरेंद्र कुमार निणार्यक थे। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी विजय लक्ष्मी रतूड़ी, उपप्रभारी गीता शुक्ला व रामेश्वरी देवी आदि मौजूद थे।
बाल-बचा बाइक चालक
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में चल रहे मौत के कुएं में एक बाइक सवार बाल-बाल बचा। रविवार को ट्रायल के दौरान शो शुरू होने से पहले बाइक चालक ट्रायल कर रहा था। इसी दौरान बाइक पंचर हो गई, जिससे वह नीचे लुढ़क गया। गनीमत रही कि वह बाइक नीचे ही पंचर हो गई।