गैरसैंण। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को को विकास की सौगात दी। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र के लिए 54 करोड़ 81 लाख 82 हजार की 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम ने गैरसैंण में चार दिवसीय कृषि, उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
सीएम ने गैरसैंण में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मेले जहां मिलने का मौका देते हैं वही इनमें विभागीय जानकारियां तथा विकास के मॉडल भी देखने को मिलते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए हमें शिक्षा, खेती के साथ-साथ हस्तशिल्प/दस्तकारी को भी विकसित करना होगा। कृषि पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उन्नत खेती के लिए सरकार ने ठोस योजनाएं तैयार की हैं। किसानों के लिए 2 प्रतिशत के सस्ते ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा प्रदेश सैनिक बहुल प्रदेश है। इसे ध्यान में रखते हुए सैनिक, अर्धसैनिक बलों में शहीद होने वाले सैनिकों के आश्रितों को राजकीय सेवा में लिए जाने का निर्णय भी सरकार ने लिया है। इससे पूर्व मेले के शुभारंभ पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। रामलीला मैदान से मेला मैदान तक प्रभात फेरी निकाली। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, थराली विधायक मगन लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्षा मुन्नी देवी शाह, ब्लाक प्रमुख स ुमति बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरूण मैठाणी, नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पवार जिलाधिकारी आशीष जोशी, पुलिस अधीक्षक तृप्ती भट्ट, सीडीओ विनोद गोस्वामी, एसडीएम स्मृता परमार आदि उपस्थित थे।
गंगा-गाय योजना के तहत बांटे चेक
गैरसैंण। मेला शुभारंभ समारोह के दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्र के मेधावी छात्रों, अध्यापकों, खिलाड़ियों, प्रगतिशील किसानों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया, जबकि गंगा-गाय महिला डेयरी योजना के तहत क्षेत्र की मरोड़ा दुग्ध समिति की हेमा देवी और गुड्डी देवी को 40-40 हजार धनराशि का चेक दिया। लैंसडौन से गढ़वाल रेजीमेंट बैंड पार्टी को भी स्मृति चिह्न देकर सीएम ने सम्मानित किया।
महिला मंगल दल सैंजी की ओर से तैयार की गई मंडुवे की रोटी, कंडाली की सब्जी और झंगोरे की खीर भी मुख्यमंत्री को परोसी गई। मेला समिति की ओर से मुख्यमंत्री का गैरसैंण में जोरद्वार स्वागत किया गया तथा उन्हें आदिबदरी मंदिर का स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
देवलधार(दिवागाड़)-कण्डारीखोड मोटर मार्ग (547.09 लाख)
पांडुवाखाल-गोगनामल्ला मो.मार्ग (386.36 लाख)
बूंगीधार मेहलचौंरी-बछुवावाण से स्यूणी तल्ली मोटर मार्ग (251.17 लाख)
गैरसैंण-स्यूणी मल्ली मो.मार्ग (377.51 लाख)
देवलधार-कल्चूना मो.मार्ग (391.68 लाख)
सुगरबैंड-सिलपाटा (द्वितीय चरण)मो.मार्ग (895.41 लाख)
चांदपुरगढी मोटर मार्ग (250.64 लाख)
पजियाणा-घण्डियाल मो.मार्ग विस्तार (309.91 लाख)
हरगढ़ मो.मार्ग लागत 102.68 लाख
-नगर पंचायत भवन गैरसैण का शिलान्यास किया।
लोकार्पण
सुगरबैंड-सिलपाटा मो.मार्ग लागत 960.37 लाख,
मलगुड-मज्याडी मल्ली मो.मार्ग लागत 253.44 लाख
गीबर-पैव मो.मार्ग लागत 250.89 लाख,
लोनिवि गौचर की कांवासेरा-थापली मो.मार्ग लागत 267.35 लाख,
लोनिवि गैरसैंण टैडुडा गदेरे में 15 मीटर स्पान मोटर पुल निर्माण लागत 37.10लाख,
सलियाणा घाट में 36 मी0 स्पान स्टील गार्डर पैदल लागत 35.00 लाख
तथा आरडब्लूडी की रा.उ.मा.वि. आन्द्रपा ( 53.57 लाख)
रा.जू.हा. झुमाखेत (79.50 लाख) एवं
कानूनगो चौकी गैरसैंण का निर्माण लागत 31.65 लाख
ये घोषणाएं कीं
-गैरसैंण में झील का निर्माण
-हरगढ़ धारपानी में मॉडल बगीचा
- धुनारघाट तथा सैंजी गांव में सुरक्षा दीवार और बाढ़ नियंत्रण कार्य
-मेहलचौंरी-मैखोली मोटर मार्ग को शहीद रघुवीर सिंह के नाम करने तथा बासीसेम और लखेड़ी मोटर मार्ग का नाम भी शहीदों के नाम पर होगा।
मुख्यमंत्री पहुंचे भराड़ीसैंण, स्थलीय निरीक्षण किया
गैरसैंण। विधानसभा क्षेत्र भराड़ीसैंण में सात दिसंबर से प्रस्तावित होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों के लिए सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सत्र के लिए सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए। गैरसैंण के कृषि मेले का शुभारंभ करने के बाद भराड़ीसैंण पहुुंचे सीएम ने कहा कि भराड़ीसैंण में सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे होंगे। साथ ही ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने के लिए भी सरकार संकल्पबद्ध है।