श्रीनगर। एसएसपी पौड़ी शहर क्षेत्र में संचालित हो रहे सरकारी व गैर सरकारी स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेंगे। बैठक में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी।
28 अक्टूबर को एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी शहर क्षेत्र में संचालित हो रहे सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में अपनाए जा रहे सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। एक माह पूर्व पुलिस ने सभी गैर सरकारी विद्यालयों को नोटिस भेज अपने यहां कार्यरत शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा था। लेकिन अधिकांश निजी स्कूलों ने अभी तक यह सूची कोतवाली पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई है। एसएसपी पौड़ी जेआर जोशी ने बताया कि सभी स्कूल संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। छात्रों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधनों के साथ एसएसपी की बैठक की सूचना कोतवाली पुलिस ने सभी विद्यालयों को भेज दी है।