निजी एजेंसी उठाएगी डोर-टू-डोर कूड़ा
-- नगरपालिका प्रशासन जल्द करेगा टेंडर कॉल
-- बोर्ड बैठक में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने पर मुहर
राव राशिद
ऋषिकेश। शहर में घरों और दुुकानों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब निजी एजेंसी का सहारा लेने जा रहा है। बोर्ड ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब नगर पालिका शहर के विभिन्न वार्डों और बाजार में दुकानों से कूड़ा उठाने का कार्य निजी एजेंसी से कराएगी। इसकी कवायद सोमवार से ही शुरू कर दी गई है। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में पटल पर इसका प्रस्ताव को रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। प्रस्ताव में निजी एजेंसी के लिए टेंडर कॉल करने की प्रक्रिया को स्वीकृति दे दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर निजी एजेंसी से जुड़े कर्मचारी डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने पहुंचेंगे। हालांकि, एजेंसी नगर पालिका की निगरानी में उक्त कार्य को करेगी।
कूड़ा उठान पर तत्परता, निस्तारण पर सुस्ती
सरकार के दिशा-निर्देश के तहत स्वच्छ भारत अभियान को लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के कार्य के लिए नगर पालिका प्रशासन ने निजी एजेंसी हायर करने को जितनी तेजी दिखाई है, इतनी तेजी शहर से निकलने वाले कचरा डंपिंग के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड खोजने में नहीं दिखाई जा रही है। नगर पालिका के गठन के बाद से ही तीर्थनगरी ट्रंचिंग ग्राउंड की बाट जोह रहा है। वर्तमान में हरिद्वार रोड पर एक निजी भूखंड पर पूरे शहर का कूड़ा डंप किया जा रहा है।
खरीदे जाएंगे 30 हजार कूड़ेदान :
नगर पालिका शहर में प्रत्येक घर और दुकान स्वामी को दो-दो डस्टबीन उपलब्ध कराने जा रही है। निकाय बोर्ड की सहमति के बाद इसकी शुरुआत में पालिका प्रशासन 30 हजार कूडे़दान खरीदेगा। जिसे प्रत्येक भवन स्वामी व दुकानदार को गीला व सूखे कूड़े के लिए एक-एक डस्टबिन दिया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
फिलहाल सरकार निकायों से साफ-सफाई के बोझ को कम करना चाहती है। लिहाजा डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए टेंडर कॉल कर कम दरों पर कार्य करने वाली एजेंसी को हायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
- महेंद्र सिंह यादव, ईओ, नगर पालिका, ऋषिकेश।