कातिलाना हमले के आरोप में फरार चल रहे भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह घर में सो रहा था। फरार चल रहे भाजयुमो नेता के भाई एवं अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
अगस्त माह में श्यामाचरण एनक्लेव में एक बर्थ डे पार्टी में हुए विवाद के दौरान जगजीतपुर निवासी विक्की चौधरी पर हमला बोल दिया था। युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी। पीड़ित युवक की मां उषा चौधरी ने अमरदीप चौधरी, उसके भाई बादल चौधरी, गुरुकुल कांगड़ी विश्व विद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह बाजवा, गौरव चौहान, अमित कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
तब से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। सोमवार की अलसुबह सूचना मिलने पर एसओ कनखल अनुज सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने शांतिपुरम कालोनी (जगजीतपुर)में दबिश देकर भाजयुमो नेता को घर से ही हिरासत में ले लिया।
भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही गुरुकुल कांगड़ी छात्रसंघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर समेत अनेक भाजपा, भाजयुमो नेता सीधे कनखल थाने पहुंचे। उन्होंने भाजयुमो नेता को छुड़ाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रहे है।