गोपेश्वर। विद्यालय और सड़क सुविधा देने की मांग पर निजमूला घाटी के मानुरा गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 19 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के दिन बिरही में बदरीनाथ हाईवे जाम कर दिया जाएगा।
सोमवार को मानुरा गांव के ग्रामीण सुबह 11 बजे जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन स्थल पर ही ग्रामीण धरने पर बैठ गए। यहां हुई सभा में दुलप सिंह, महिपाल सिंह, धन सिंह रावत और सतेंद्र ने कहा कि लंबे समय से गांव में जूनियर हाईस्कूल के संचालन और मानुरा-धारकुमाला-रामणी मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक भी शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा गया यदि शीघ्र प्रशासन की ओर से मांग पर कार्रवाई नहीं जाती तो 19 नवंबर को बदरीनाथ हाईवे जाम कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर भीम सिंह, गंगा सिंह, दयाल सिंह, मनोज, बादर सिंह, राहुल, धन सिंह, महिपाल सिंह और हुकम सिंह आदि मौजूद थे।