अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
नगर निगम की ओर से जारी विज्ञापन ठेके में पांच करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसजनों ने धरना- प्रदर्शन किया।
वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जिन साइट पर विज्ञापन यूनीपोल लगने तय हुए थे, उन पर नियमों का उल्लंघन करते हुए बोर्ड लगा दिए गए और 126 के अनुसार दोगुने यूनीपोल लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार नगर निगम के खाते में रुपये जमा नहीं हुए तो पोल खोल अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम में कांग्रेसियों ने धरना- प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष किरण सिंह ने कहा कि जब तक कांग्रेस की सरकार प्रदेश में रही तब एक भी घोटाला नहीं होने दिया गया। अब भाजपा की सरकार आई तो घोटाले ही घोटाल हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा न खाऊंगा और न खाने दूंगा का सिद्धांत की नगर निगम में खिल्ली उड़ाई जा रही है। अध्यक्षता करते हुए पार्षद नेता प्रतिपक्ष उपेंद्र कुमार ने कहा कि 126 यूनीपोल का ठेके दिए गए , लेकिन अब पोल भी करीब दोगुने हो गए हैं और सभी यूनीपोल को डबल साइड कर दिया है। ऐसे में सीधे पांच करोड़ रुपये का घोटाला करते हुए नगर निगम को चूना लगा दिया है। पूर्व सभासद धर्मपाल सिंह ने कहा कि नगर निगम से विज्ञापन देने की प्रक्रिया पहले से ही संदेह के घेरे में थी। पार्षद अमन गर्ग एवं सचिन बैनीवाल ने कहा कि नगर निगम में भाजपा का बोर्ड पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। उन्होंने मेयर से विज्ञापन का हिसाब मांगते हुए चेतावनी दी कि नियमानुसार नगर निगम में रुपये जमा नहीं हुए तो यूनीपोलों पर विज्ञापन लगाने नहीं दिए जाएंगे। इस मौके पर अशोक गुप्ता, मुकुल जोशी, तरुण व्यास, हिमांशु बहुगुणा, युवा चेतना के जिला संयोजक नितिन तेश्वर, दीपक पांडे, अवधेश यादव, विपिन बेवल, आकाश भाटी, सुल्तान सिंह, सचिन अग्रवाल, नितिन यादव, नरेंद्र उपाध्याय, विजय प्रजापति, संजय वाल्मीकि, मोनू सती, सोनू शर्मा, अजय चौधरी, हरित साहनी, आशीष, गौरव शर्मा, दीपक राजपूत, विपिन, शिवम कांबोज, रोशनलाल ठेकेदार, मोतीराम आदि शामिल हुए।