गोपेश्वर। गोपेश्वर-चमोली मोटर मार्ग पर चार दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी सीवर लाइन का सुधारीकरण न होने से आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने जल संस्थान और जिला प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे जल संस्थान के अधिकारियों की मौजूदगी में सीवरेज का सुधारीकरण कार्य शुरू हुआ तब व्यापारी शांत हुए।
नगर की पोस्ट ऑफिस रोड पर सुलभ शौचालय के समीप मंगलवार को सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी और सीवर सड़क पर बह रहा था। शिकायत के बाद भी सीवर लाइन का सुधारीकरण नहीं किया गया। शुक्रवार को सुबह दस बजे व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने पुरोहित फर्म के समीप गोपेश्वर-चमोली सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकोला पुरोहित और महामंत्री दीपेंद्र नेगी का कहना है कि नगर में सीवर लाइन के रख-रखाव का जिम्मा जल संस्थान के पास है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण सीवर लाइन की स्थिति दयनीय बनी है। ग्यारह बजे मौके पर पहुंचे जल संस्थान के अधिकारियों ने व्यापारियों से जाम खुलवाने को कहा। व्यापारियों ने शीघ्र सीवर लाइन का सुधारीकरण कार्य शुरू करने पर ही जाम खोलने का एलान किया। जल संस्थान की ओर से मौके पर मजदूरों का बुलाकर सीवर के चेंबर खुलवाए गए और सुधारीकरण कार्य शुरू किया गया। तब जाकर व्यापारियों ने जाम खोल दिया। इस मौके पर विनोद जोशी, हेमंत दरमोड़ा, संदीप भंडारी, राकेश पुरोहित, प्रमोद बिष्ट, महेंद नेगी, अनूप रावत, बुद्धि प्रसाद त्रिपाठी, अनूप नेगी, प्रकाश तिवाड़ी और अजय लिंगवाल आदि मौजूद थे।