अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
मेयर मनोज गर्ग ने ज्योति पर्व दिवाली के मद्देनजर पंचपुरी में सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने एलईडी लाइट्स की आपूर्तिकर्ता फर्म की ओर से खराब लाइटों को ठीक नहीं कराने की स्थिति में पथ-प्रकाश विभाग के कर्मचारियों से बंद 300 लाइटों को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। फर्म और पथ-प्रकाश विभाग के कर्मचारी भी ऐसा ही चाहते थे। मेयर ने उनकी मन की कर दी है। उन्होंने अपने कार्यालय में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की अलग-अलग बैठकों में समीक्षा की। बैठक में सफाई हवलदारों व सफाई निरीक्षकों ने बताया कि केआरएल सभी वार्डों से कूड़ा नहीं उठा रहा हैं और जहां से कूड़ा उठा भी रहा है, वहां 12 बजे के बाद उठा रहा है। जिस कारण कूड़े को कबाड़ी सड़क पर फैलाते रहते हैं। इस पर मेयर ने केआरएल के प्रतिनिधि को फटकार लगाई। ज्वालापुर के वार्ड नंबर सात में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की ओर से नालियों से निकाले गए कचरे को केआरएल के कर्मचारियों की ओर से फिर से नाली में डालने की शिकायतों को गंभीरता लेते हुए मेयर ने केआरएल के संबंधित कर्मचारियों को निकालकर बाहर करने का निर्देश दिया है।
मेयर ने वार्डवार सफाई की समीक्षा करते हुए सभी सफाई हवलदारों, सफाई निरीक्षकों तथा सर्किल प्रभारियों के पेच कसे और दिवाली पर अब तक की सबसे बेहतरीन सफाई व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी सफाई व्यवस्था करने वाले सफाई हवलदार को इनाम दिया जाएगा और लापरवाही करने वाले को दंडित किया जाएगा। उन्होंने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को प्रत्येक वार्ड तथा पंचपुरी के सभी धार्मिक स्थलों के क्षेत्र में कीटनाशकों का छिड़काव कराने प्रभावी ढंग कराने का निर्देश दिया है। बैठक में वरिष्ठ मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रवीण कुमार, सहायक नगर आयुुक्त संजय कुमार, सर्किल प्रभारी सुनीता सक्सेना, सर्किल एवं पथ प्रकाश प्रभारी रमेश सिंह रावत, कर अधीक्षक राहुल कैंथोला आदि ने भाग लिया।