गोपेश्वर। राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में दूसरे दिन गौचर, चमोली, देहरादून और पौड़ी की टीमें अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित ने किया। शुक्रवार को सुबह ग्यारह बजे से सेमीफाइनल मुकाबले होंगे।
पुलिस मैदान में चल रही प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को पहला मैच श्री हरि सिंह फुटबाल क्लब गौचर और काशीपुर के बीच खेला गया, जिसमें गौचर ने 2-1 अंकों से मैच जीत लिया। दूसरा मैच चमोली व हरिद्वार के बीच खेला गया, जिसमें चमोली ने पेनाल्टी शूटआउट में हरिद्वार को 4-1 से हराया। चमोली के दीपक ने 19 मिनट में तथा हरिद्वार की ओर से अनुज ने मैच के 42वें मिनट में 1-1 गोल दागकर मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में चमोली ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में देहरादून ने चंपावत को 4-0 से हराया। चंपावत की ओर से रोहित ने 11वें, अजय ने 14वें, सत्येंद्र ने 29वें व दीपक ने 33वें मिनट में गोल दागे। चौथे मैच में पौड़ी की टीम ने ट्राई ब्रेकर में पिथौरागढ़ की टीम को हराकर सेमीफाइनल मुकाबले में प्रवेश किया। इस मौके पर जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष बद्री प्रसाद भट्ट, नवीन कुंवर, तनवीर अहमद, राकेश रावत, अखिलेश, शिवा चौधरी, प्रमोद बिष्ट, गणेश प्रसाद थपलियाल, अशोक सिंह रावत, प्रियंक किमोठी और रणवीर सिंह आदि मौजूद थे।