गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में अनुसूचित जनजाति के बालक वर्ग की तीन दिवसीय राज्य आमंत्रण वालीबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष जोशी ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच चमोली की ए टीम व डुंडा (उत्तरकाशी) के बीच खेला गया, जिसमें चमोली ने दो सेटों (25-17, 25-13) में ही मैच जीत लिया।
दूसरे मैच में सितारगंज ने धारचुला की टीम को 25-19 व 25-22 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। तीसरे मैच में कालसी (देहरादून) की टीम ने खटीमा की टीम को 25-21, 15-25 व 25-17 के अंतर से हराया। यह प्रतियोगिता ट्रायबल सब प्लान के अंतर्गत खेल विभाग की ओर से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में अनुसूचित जनजाति बाहुल्य धारचुला, खटीमा, सितारगंज, कालसी, डुंडा, रामनगर व चमोली की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल एनके डबराल, जिला खेल अधिकारी सुरेश चंद्र पांडे, जिला वालीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत, गोपाल बिष्ट, धीरेंद्र गरोड़िया, केसी पंत, यशवंत सिंह, अजीत रावत, राहुल पिमौली, प्रियंक किमोठी और विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।