पीपलकोटी। बंड क्षेत्र के पूर्व सैनिक क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रशिक्षण दे रहे हैं। 24 सितंबर से सेमलडाला मैदान में शुरू हुए प्रशिक्षण में प्रतिदिन करीब 50 युवा पहुंच रहे हैं। शिविर निशुल्क आयोजित किया गया है।
एक माह तक चलने वाला यह प्रशिक्षण शिविर सेना के सेवानिवृत्त कर्नल व जिला सैनिक कल्याण अधिकारी नवीन डबराल की देखरेख में चल रहा है। शिविर में अभी तक करीब दो सौ युवा पंजीकरण करवा चुके हैं। भूतपूर्व सूबेदार मेजर नरेंद्र सिंह कुंवर, जगत सिंह नेगी, ताजवर सिंह, बिहारी लाल बंडवाल, शिशुपाल लाल, प्रकाश सिंह, गजपाल सिंह, सूबेदार अब्बल सिंह, देवेंद्र सिंह राणा युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए सैन्य प्रशिक्षण दे रहे हैं। बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह का कहना है कि पूर्व सैनिकों की यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी।