सागर जोशी
हरिद्वार।
बार- बार बदलते मौसम के मिजाज पर राष्ट्रपति की आस्था भारी पड़ी। वे भीगते हुए ही हरकी पैड़ी पहुंचे। बारिश से तरबतर भीगे होने से उन्होंने खड़े- खड़े पूजा की। उनकी पत्नी सविता कोविंद, भाई रामेंद्र, राम स्वरूप भारती, पुत्र प्रशांत और पुत्री स्वाति भी भीगते हुए ही पूजा में शामिल हुए।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन में अपने संबोधन के दौरान महामहिम ने इस बात का जिक्र भी किया कि मौसम प्रतिकूल होने के बाद भी उन्होंने गंगा पूजन का कार्यक्रम स्थगित नहीं किया। मां गंगा के प्रति गहरी आस्था उन्हें यहां खींच लाई। राष्ट्रपति के मुख से गंगा की प्रति आस्था की बातें सुनकर पंडाल में मौजूद हर व्यक्ति ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। समारोह में शामिल तिरंगा अगरबत्ती ग्रुप के निदेशक नरेंद्र शर्मा का कहना था कि इस तरह की सौम्यता और समर्पण अनुकरणीय है।
प्रशासन ने बांटे छाते
बारिश के मौमस में महामहिम के परिवार समेत कई अन्य वीआईपी हरकी पैड़ी पहुंचे। कार्यक्रम के आने से पहले ही प्रशासन ने छातों की व्यवस्था कर ली। ड्यूटी में तैनात लोगों को भी छाता दिया गया। इसके साथ ही वीआईपी लोगों को भी प्रशासन ने छाते बांटे। राष्ट्रपति के आने से पहले ही श्रीगंगा सभी ने मालवीय घाट, महिला घाट समेत आसपास में मौजूद व्यक्तियों से काला छाता बंद करवाए।
बच्चों के देशभक्ति गीत ने मोहा मन
महामहिम के दिव्य प्रेम सेवा मिशन पहुंचने से पहले मंचासीन विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने संचालन कर रहे संजय चुर्तर्वेदी और देवबंद के विधायक कुंवर बृजेश सिंह से इच्छा जताई की जब तक कार्यक्रम विधिवत शुरू हो तो दिव्य प्रेम सेवा मिशन के वंदेमातरम कुंज विद्यालय के बच्चे कोई देशभक्ति का गीत सुनाए तो माहौल में चार चांद लग जाएंगे। कुछ भी देर नहीं लगी, बच्चे मंच पर पहुंच गए और देशभक्ति का गीत गाकर माहौल को जोशीला बना दिया। इससे पहले बाहुबली फिल्म के शिव भक्ति पर आधारित गीत पर बच्चों की प्रस्तुति ने भी हर किसी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान पंडाल कई बार तालियों से गूंजा।
भारी बारिश में बीच भी दिखा महामहिम की झलक पाने का क्रेज
हरिद्वार। भारी बारिश के बीच महामहिम हरकी पैड़ी पहंची। आमव्यक्ति तो महामहिम को नहीं देख पाया, लेकिन शांतिकुंज के करीब 300 साधक महामहिम के दर्शन करने के लिए बैताब दिखे। राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व ही शांतिकुंज के हरिमोहन गुप्ता के नेतृत्व में साधक मालवीय घाट पर जमा हो गए। राष्ट्रपति ने पूजा अर्चना की तो शांतिकुंज के साधकों ने स्वागत किया और गंगा मैया के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। बारिश के बीच झलक पाने के लिए साधक बेताब नजर आए। अंत में महामहिम ने सभी का हाथ हिलाकर आभार जताया। हाथ हिलाते हुए साधक जोर से मां गंगा के जयकारे लगाने शुरू कर दिए।