गोपेश्वर। राष्ट्रपति के बदरीनाथ दौरे की तैयारियों को लेकर शनिवार को बदरीनाथ और गौचर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बदरीनाथ और गौचर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां पीएसी, पुलिस, एसडीआरएफ, अभिसूचना इकाई के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बदरीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति सुबह बदरीनाथ धाम स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। फिर बदरीनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा कर करीब 11 बजकर 40 मिनट पर बदरीनाथ से हेलीकाप्टर से देहरादून के लिये रवाना होंगे। राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए धाम में प्रशासन द्वारा दो हेलीपैड आरक्षित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी के साथ भारी पुलिस बल की धाम में तैनाती की गई है। यहां जिलाधिकारी आशीष जोशी और पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट के साथ कई प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए है। मौसम खराब होने पर गौचर में भी हेलीकाप्टर लैंडिंग की व्यवस्था की गई है। गौचर में बागेश्वर और देहरादून के एसपी के साथ ही सात प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। गौचर में लैंडिंग होने पर यहां आईटीबीपी परिसर में राष्ट्रपति के विश्राम की व्यवस्था भी की गई है।
राष्ट्रपति को रिंगाल की टोकरी पर दिया जाएगा बदरीनाथ का प्रसाद
गोपेश्वर। राष्ट्रपति को बदरीनाथ के प्रसाद देने के लिये विशेष तौर पर रिंगाल की टोकरी तैयार की गई है। साथ ही मंदिर समिति की ओर से स्मृति चिह्न के रुप में बदरीनाथ मंदिर का मॉडल भेंट भी महामहिम को भेंट किया जाएगा।