गोपेश्वर। बारिश के कारण चमोली जिले में पांच ग्रामीण संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, जबकि दर्जनों संपर्क मार्ग खतरनाक बने हैं। ऐसे में ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए मीलों पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण संपर्क मार्गों को खोलने का काम शुरू नहीं हो पाया है।
चमोली जिले में हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों को यातायात से जोड़ने वाली ग्वालदम-नंदकेशरी, आदिबदरी-नौटी, घाट-सुतोल-कनोल, परखाल-चोपता-केदारकोट और चिडंगा-खंपाधार मार्ग बंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र मार्गों को सुचारु करने की मांग उठाई। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने कहा कि सभी संबंधित विभागों को संपर्क मार्गों को सुचारु करने के आदेश दिए हैं। रविवार सुबह तक मार्गों को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर लिया जाएगा।