जोशीमठ। ग्राम प्रधान संगठन ने राज्य वित्त की कटौती को वापस लेने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर ब्लॉक के मुख्य भवन पर तालाबंदी कर धरना दिया। ऐसे में दिनभर ब्लॉक का काम ठप रहा। ब्लॉक में समस्याओं को लेकर आए ग्रामीणों को भी प्रधानों के आंदोलन के कारण बैरंग लौटना पड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह दस बजे प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर में पहुंचे ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक के मुख्य भवन पर ताला जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। 18 दिनों से ग्राम प्रधान मांगों को लेकर ब्लॉक परिसर में धरना दे रहे हैं। धरना स्थल पर हुई सभा में अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की ओर से ग्राम प्रधानों की मांग को अनदेखा किया जा रहा है। इस मौके पर मनबर सिंह, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, दुलब सिंह, रणजीत लाल, हरीश परमार, बनवारी लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह, धर्मपाल बजवाल, रघुवीर सिंह, वन सरपंच गुड़वीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र लाल, धर्मेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे। वहीं, प्रधान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने कहा कि जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होती आंदोलन जारी रखा जाएगा।