श्रीनगर। रामलीला मंचन के दौरान होने वाली ‘संस्कार श्रीनगर के भजन सितारे’ कार्यक्रम के लिए 10 भजन गायकों का चयन किया गया। चयनित गायक एक अक्तूबर को रामलीला मैदान मेें होने वाली प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
श्री आदर्श रामलीला समिति श्रीनगर की ओर से 21 सितंबर से रामलीला मंचन का आयोजन किया जाएगा। 4 अक्तूबर को राजतिलक के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस साल समिति ने 1 अक्तूबर को रामलीला के दौरान ‘संस्कार श्रीनगर के भजन सितारे’ नाम से प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। रविवार को प्रतियोगिता के लिए 85 प्रतिभागियों ने ऑडिशन दिया। निर्णायक डा. सुभाष पांडे, डा. संजय पांडे और अमित सागर ने इनमें से 10 प्रतिभागियों अमन धनाई, अरजंय, कौशिक पंत, उदिता जोशी, भगवती प्रसाद, नवीन पांडेय, प्रियंका, रजनी उनियाल, ऋषि कुमार और प्रिया का चयन किया। समिति के निदेशक वीरेंद्र रतूड़ी ने बताया कि उक्त प्रतिभागी एक अक्तूबर को भजन प्रस्तुति देंगे। समिति के अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम रात नौ बजे शुरू होगा। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को गढ़वाली और हिंदी भाषा में भजन गाने होंगे। इस मौके पर सागर अग्रवाल, संजय गुप्ता, दुर्गेश भट्ट, सुधीर भट्ट और गिरीश पैन्यूली आदि मौजूद थे।