फोटो :--------------
अधिकारियों ने किया वन भूमि का निरीक्षण
-- एक व्यक्ति ने वन भूमि में 10 बीघा क्षेत्र पर किया गया है स्वामित्व का दावा
-- प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति से मांगे भूमि के प्रमाणिक दस्तावेज
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
हरिद्वार राजमार्ग पर वन चौकी के निकट वनभूमि पर किसी व्यक्ति द्वारा निजी स्वामित्व का दावा किया है। जांच के लिए राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों ने वृहस्पतिवार को भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया। प्रशासन ने उक्त भूमि पर अपना दावा करने वाले व्यक्ति से संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा है। कुछ समय पूर्व एक व्यक्ति द्वारा शासन को भेजे पत्र में हरिद्वार राजमार्ग पर वनचौकी के पास करीब 10 बीघा जमीन पर अपने स्वामित्व का दावा किया गया था, जिसके बाद शासन ने संबंधित व्यक्ति के दावे की जांच के लिए राजस्व विभाग और वन विभाग को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
वृहस्पतिवार को दोनों ही विभागों के अधिकारी एसडीएम हरगिरि के साथ संबंधित भूमि का स्थलीय निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन भूमि की नापजोख कर दावे की सत्यता को जानने का प्रयास किया। हालांकि निरीक्षण में संबंधित व्यक्ति के दावे के कोई प्रमाण नहीं मिले। एसडीएम हरगिरि ने बताया कि मुआयने में कुछ भी साफ नहीं हुआ है। लिहाजा, शिकायतकर्ता से संबंधित भूमि के प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया है। बताया कि इसके बाद ही आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उधर, वन रेंज अधिकारी गंगासागर नौटियाल ने बताया कि वन चौकी के समीप वन विभाग के दस्तावेजों में दर्ज भूमि ही पूरी नहीं मिली है। संभव है कि ऐसा पूर्व में अतिक्रमण के चलते हुआ हो। बताया कि वन भूमि पर दावा करने वाले व्यक्ति से अन्य जानकारियां मांगी गई हैं। निरीक्षण में वन विभाग के एसडीओ बीबी मार्तोलिया, नायब तहसीलदार कृष्णदत्त जोशी, वन विभाग के सर्वेयर वीरेंद्र पांडे, वन दरोगा सुनील रावत, बीट अधिकारी मंसाराम गौड़, पूर्व सर्वेयर जीडी जोशी समेत भूमि बंदोबस्त से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे।