श्रीनगर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टिहरी के छात्र संघ अध्यक्ष गौरव रावत ने अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क अधिक लिए जाने का आरोप लगाते हुए कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया। हालांकि विवि प्रशासन की ओर से शुल्क के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने पर छात्रों ने धरना समाप्त किया।
बृहस्पतिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टिहरी के छात्र संघ अध्यक्ष गौरव रावत, अभिषेक रतूड़ी व रविंद्र ने कुलपति कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति प्रो. जेएल कौल हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम में होने के कारण कार्यालय में मौजूद नहीं थे। टिहरी छात्र संघ अध्यक्ष गौरव रावत ने कहा कि महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से अंक सुधार परीक्षा आवेदन के लिए प्रति प्रश्नपत्र का 250 रुपया शुल्क के साथ ही 150 रुपये अग्रसारण शुल्क लिया जा रहा है। स्नातक स्तर पर एक विषय के तहत तीन प्रश्नपत्र होते हैं। छात्रों को तीनों प्रश्नपत्रों के लिए अलग- अलग शुल्क भरना पड़ रहा है। ऐसे छात्रों को अंक सुधार परीक्षा आवेदन करने के लिए 1 हजार तक की धनराशि खर्च करनी पड़ रही है। वहीं विवि प्रबंधन का कहना है कि अंक सुधार परीक्षा के लिए 250 रु प्रति प्रश्न पत्र शुल्क केवल सेमेस्टर प्रणाली के छात्रों के लिए है। वार्षिक परीक्षा प्रणाली के लिए यह शुल्क पूर्व की भांति 250 प्रति विषय होगा। कहना है कि अगर वार्षिक परीक्षा के किसी छात्र ने प्रति प्रश्नपत्र 250 रुपया शुल्क जमा किया है तो उसे वापस कर दिया जाएगा। विवि प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं आदेश जारी होने पर छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।