जोशीमठ। ब्लॉक के पैनी, सेलंग, मेरग व बड़ागांव के ग्रामीणों ने ढोल दमाऊं के साथ प्रदर्शन कर गांवों को नगर पालिका जोशीमठ में शामिल करने के विरोध में क्रमिक धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार ने बिना ग्रामीणों की सहमति के गांवों को पालिका क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कहा यदि शीघ्र इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती तो ग्रामीण कोर्ट जाने को बाध्य होंगे।
सोमवार को पैनी, सेलंग, मेरग व बड़ागांव के ग्रामीण जोशीमठ बाजार में एकत्रित हुए और जुलूस की शक्ल में ढोल दमाऊं के साथ तहसील परिसर पहुंचे। ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर क्रमिक धरना शुरू कर दिया। पहले दिन मेरग गांव के ग्रामीण धरने पर बैठे। यहां आयोजित सभा में मेरग के ग्राम प्रधान रमेश लाल ने कहा कि सरकार ने नगर से 5 किमी की दूरी वाले गांवों को पालिका क्षेत्र में शामिल करने का फरमान जारी किया है, जबकि ग्रामीणों से इस बारे में कोई बात नहीं हुई है। इस मौके पर महिला मंगल दल अध्यक्ष सुमन देवी, सुंदर सिंह राणा, गोपाल सिंह, मातबर सिंह, त्रिलोक सिंह नेगी, महिपाल सिंह बसंती देवी, देवेश्वरी देवी और मंजू देवी आदि मौजूद थे।