श्रीनगर। ई-टेंडरिंग और बड़े टेंडरों का विरोध करते हुए कीर्तिनगर क्षेत्र के ठेकेदारों ने लोनिवि अस्थायी खंड कीर्तिनगर के दफ्तर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने कहा कि अगर सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती है, उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार को कीर्तिनगर क्षेत्र के ठेकेदार लोनिवि अस्थायी खंड के दफ्तर में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों के संबंध में सरकार की नई गाइड लाइन का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ई-टेंडरिंग को जबरन थोप रही है। बड़ी निविदाएं आमंत्रित कर स्थानीय छोटे ठेकेदारों की रोजी-रोटी छिनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से ई-टेंडरिंग और बड़ी निविदाओं की व्यवस्था को खत्म करने की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व ब्लाक प्रमुख विजयंत निजवाला, शीशपाल सिंह, किशोर सिंह, सुखदेव भंडारी, कलम सिंह रावत, पुरुषोत्तम उनियाल, जिला पंचायत सदस्य चंद्रपाल चौहान और मनीष बलोनी आदि शामिल थे। ब्यूरो