गोपेश्वर। अब बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। धाम में पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए आईओसी (इंडियन ऑयल कारपोरेशन) की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पेट्रोल पंप बदरीनाथ स्थित मुख्य बस स्टैंड के समीप स्थापित होगा जिसका संचालन बीकेटीसी करेगी। इसके साथ ही जिला खाद्य पूर्ति विभाग के नियंत्रण में धाम में अगले साल से 5000 किलोग्राम की क्षमता का रसोई गैस गोदाम भी स्थापित किया जाएगा।
बदरीनाथ धाम में यात्राकाल में कई बार हाईवे बंद होने पर तीर्थयात्रियों को पेट्रोल और डीजल के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए वर्ष 2015 में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने आईओसी के मुख्य प्रबंधक से धाम में पेट्रोल पंप स्थापित करने का आग्रह किया था और बस स्टैंड के समीप जगह चिह्नित भी कर दी थी। इसे राजस्व विभाग और आईओसी की ओर से हरी झंडी मिल गई है। जिला पूर्ति अधिकारी इंद्रदेव नौटियाल ने बताया कि पेट्रो पदार्थ के वितरण पर पूर्ति विभाग का नियंत्रण रहेगा। अगले यात्रा सीजन तक धाम में पेट्रोल पंप शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि धाम में यात्राकाल में रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए यहां पांच हजार किलोग्राम की क्षमता की रसोई गैस एजेंसी भी स्थापित की जाएगी। गैस एजेंसी में हर वक्त करीब साढ़े तीन सौ घरेलू सिलेंडर रहेंगे। बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह का कहना है कि धाम में पेट्रोल पंप खुलने से यात्रियों को दिक्कतें नहीं उठानी पड़ेंगी।
इंसेट
लाता में भी खुलेगी गैस एजेंसी
गोपेश्वर। चीन सीमा से लगी नीती घाटी में रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने लाता में रसोई गैस एजेंसी खोलने के लिए अपनी संस्तुति दे दी है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन की ओर से यहां गैस एजेंसी खोली जाएगी। एजेंसी का संचालन स्थानीय ग्रामीण की ओर से किया जाएगा। अभी तक नीती घाटी में जोशीमठ गैस एजेंसी से रसोई गैस की आपूर्ति होती है। जोशीमठ-मलारी हाईवे बरसात में बंद होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।