नारायणबगड़। ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में वर्ष 2014 में आयोजित श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा के दौरान थराली तहसील के नारायणबगड़, थराली और देवाल ब्लाकों में हुए निर्माण कार्यों की जांच की मांग फरियादियों ने की। लोगों ने कहा कि श्रीनंदा देवी राजजात यात्रा के दौरान पेयजल, शौचालय, सड़कों सहित अन्य योजनाओं पर करोड़ों खर्च किए गए, लेकिन अधिकतर योजनाएं आज क्षतिग्रस्त हैं। इस मौके पर ग्रामीणों की 76 समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से मौके पर 24 समस्याओं का निस्तारण किया गया। अन्य समस्याओं का जल्द निस्तारण करने को डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
डीएम आशीष जोशी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में डुंग्री के नरेंद्र सिंह रावत ने जीआईसी पैंतोली में शिक्षकों की समस्या, देवाल के लखन रावत ने नारायणबगड़-ग्वालदम मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों को अभी तक मुआवजा न देने की शिकायत की। साथ ही श्रीनंदा देवी राजजात के निर्माण कार्यों की जांच की मांग की। प्रधान एमएन चंदोला ने गौरा देवी कन्या धन योजना में राजस्व विभाग की ओर से जरूरी 1300 रुपये का आयप्रमाण पत्र जारी न करने से हो रही समस्या बताई। भाजपा मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह नेगी ने पिंडर नदी में हुए बाढ़ सुरक्षा कार्यों को पूरा करने की बात कही। भगोती के प्रधान मनमोहन भंडारी ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत, सुरेंद्र धनेत्रा ने मींग गदेरा-डांगतोली सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं आदि की शिकायत की। इस मौके पर सीडीओ विनोद गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी आनंद सिंह, एसडीएम सीएस डोबाल, प्रमुख अंशी नेगी और तहसीलदार एमएन भेंतवाल आदि मौजूद थे।