फोटो : -----------------
भाजपा शासनाकाल में दिवालिया के कगार पर प्रदेश
-- कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, सरकार का वित्तीय प्रबंधन फेल
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश दिवालिया होने के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने वित्तीय कुप्रबंधन को इसकी बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए 11 हजार करोड़ का बजट निर्धारित किया है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार अभी तक इन क्षेत्रों के विकास के लिए कोई खाका तैयार नहीं कर पाई है। मंगलवार को नगर के बनखंडी क्षेत्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय ने कहा कि सरकार का वित्तीय प्रबंधन फेल साबित हो गया है। जिस उम्मीद के साथ प्रदेश की अवाम ने भाजपा को सत्ता सौंपी थी, वह उस पर खरर उतरती नहीं दिखती। कहा कि कर्मचारियों को वेतन देने के लिए सरकार बाजार से कर्ज लेने की बात कर रही है।
पहाड़ी राज्य में खेती किसानी कार्य छोड़ रहे हैं। सरहद से सटे गांव खाली हो गए हैं। सरकार इन ज्वलंत मुद्दों को लेकर लापरवाह बनी हुई है। उपाध्याय ने केंद्र सरकार से प्रदेश को ग्रीन बोनस देने की मांग उठाई। साथ ही हिमालय के संरक्षण के लिए सतत समावेशी विकास नीति बनाने की पुरजोर वकालत भी की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के भावी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। बताया कि हिमालय नीति के लिए तीन सितंबर को हरिद्वार, नौ को देहरादून और उसके बाद अल्मोड़ा में हिमालय के सरोकारों से जुड़े लोगों से विमर्श किया जाएगा। साथ ही मंथन के बाद निष्कर्ष को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, बृजपाल राणा, भगवती प्रसाद सेमवाल, किशोर गौड़ आदि मौजूद थे।