दो डेयरियों से लिए दूध उत्पादों के नमूने
-- मिठाइयों की दुकानों में साफ सफाई की स्थिति का किया अवलोकन
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
लंबे समय बाद नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो डेयरियों से दून, पनीर आदि के नमूने लिए। मिठाई की कई दुकानों में साफ सफाई नहीं होने पर उन्हें नोटिस जारी किए हैं। औचक छापामार कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। शनिवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देहरादून जीसी कंडवाल के नेतृत्व में डोईवाला नगर क्षेत्र में डेयरियों, मिष्ठान प्रतिष्ठानों समेत कई दुकानों में औचक छापामार कार्रवाई की। देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड, मिल रोड समेत कई क्षेत्रों की दुकानों में साफ सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। देहरादून रोड और प्रेमनगर बाजार रोड की एक-एक डेयरियों से दूध और पनीर आदि के नमूने लिए। मिठाई की लगभग आठ दुकानों को खाद्य पदार्थ बनाने वाले कारीगारों को हाथ के नाखून, बाल कटवाने समेत साफ सफाई की जरूरी व्यवस्थाऐं बनाकर काम करने का निर्देश दिया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल ने बताया कि विभागीय टीम समय अंतराल पर डोईवाला नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में औचक छापामार कार्रवाई करेगी। बताया कि खाद्य पदार्थ बेचने वालों के लिए लाइसेंस अनिवार्य है, यदि किसी दुकानदार के पास लाइसेंस नहीं होगा तो कार्रवाई की जाएगी। बताया कि विभागीय टीम बिना अधिकारिक दस्तावेजों के वाहनों से मिठाई और दूध आदि की आपूर्ति करने वालों पर भी कार्रवाई करेगी। इस दौरान खाद्य निरीक्षक योगेंद्र पांडे, संजय तिवारी, अजय वर्मा आदि मौजूद थे।