अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले सत्र में कहा गया कि हर व्यक्ति को रोटी, कपड़ा और मकान के साथ शिक्षा और बेहतर इलाज की सुविधाएं मिलनी चाहिए। अग्र कुल नरेश महाराजा अग्रसेन ने भी यह बात कही थी। सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश अग्रवाल ने कहा कि एकात्म मानववाद का सिद्धांत सबसे पहले अग्र कुल नरेश महाराजा अग्रसेन ने दिया था। उनका मानना था कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना लक्ष्य होना चाहिए।
भूपतवाला स्थित गंगा स्वरूप आश्रम में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले सत्र में नरेश अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज ने समाज मे अपनी योग्यता और क्षमता से स्थान बनाया है ना कि याचना के जरिये। उहोंने अग्रवाल समाज के लोगों से नव समाज की सेवा करने का व्रत लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। स्वागत भाषण में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पराग गुप्ता ने कहा कि समाज की भावी पीढ़ी को अग्रवाल समाज के इतिहास और महापुरुषों के बारे में जानकारी देने के साथ उन्हें भी अपने साथ जोड़कर आगे बढ़ना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज की जनसंख्या के अनुपात में उन्हें उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने युवाओं को राजनीतिक पार्टियों में सक्रियता बढ़ाने के साथ अग्रवाल समाज को एकजुट कर संगठित करने की जरूरत है। इसके लिए अग्र भागवत का प्रचार प्रसार बड़ी भूमिका निभा सकता है। बताया कि अग्रोहा में अग्रशक्ति पीठ और अग्र सरोवर का निर्माण में देश भर के 108 पवित्र तीर्थों और नदियों के जलाभिेषक करके उस जल को उसमें डाला जाएगा। बैठक में अग्रोहा फाउंडेशन के जरिये अग्र सरोवर, अग्र शक्तिपीठ के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा देश भर में प्रत्येक तन पर वस्त्र अभियान चलाया जाएगा जिसमें गरीबों को वस्त्र वितरण किया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय चेयरमैन सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज को एकजुट करने के लिए संगठन के विस्तार की जरूरत है। इसके लिए संगठन के एक करोड़ सदस्य बनाए जाएंगे। जिनसे अग्रोहा धाम शांतिपीठ के निर्माण के लिए हुंडी के रूप में प्रत्येक से एक ईंट ली जाएगी। साथ ही 22 हजार अग्रवाल संगठनों को एक मंच पर लाने की कोशिश भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने के लिए उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच का गठन किया गया है। प्रदेश महामंत्री संजय अग्रवाल ने समाज के कार्यों को विस्तार से बताया। बैठक में 17 से 21 सितंबर तक अग्रोहा में महाराज अग्रसेन जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया।
देशभर के यह पदाधिकारी हुए शामिल
कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल एवं विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष सुशील सिंघल, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मंत्री सुरेश बंसल, वीरेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, योगेंद्र गोयल, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा गुप्ता, महामंत्री विनीता खेतावत, जिलाध्यक्ष ममता अग्रवाल, हरियाणा गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भागीराम मंगला, उत्तर रेलवे सलाहकार बोर्ड की सदस्य सरिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय जैन, उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, बैठक के संयोजक रामगोपाल गुप्ता, हरिद्वार नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन प्रदीप चौधरी, अनिल गोयल, उमेश गोयल, रविंदर गोयल, अशोक गुप्ता, संजय अग्रवाल, कपिल चौधरी, विमल चौधरी, प्रवीण गर्ग, दिनेश दयाल, दीपक गोयल, संजय आर्य, रचित अग्रवाल, अवनीश गोयल, मनीष गुप्ता, सुनील अग्रवाल, मुकेश गोयल, समीर गुप्ता, शिवराज गुप्ता, विनोद बृजवासी, शुभम अग्रवाल, नमित गोयल, अंकुर गोयल, ललित गोयल, संजय अग्रवाल, अंबरीष रस्तोगी, राम बाबू बंसल, तेज प्रकाश साहू, प्रदीप मेहता आदि उपस्थित थे।