गोपेश्वर। चमोली जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग में फार्मेसिस्टों की मनचाही नियुक्ति पर डीएम आशीष जोशी ने ब्रेक लगा दिया है। डीएम ने आयुर्वेदिक निदेशालय से जारी फार्मेसिस्टों के अटैचमेंट के आदेश को निरस्त कर दिया है।
चमोली जिले के अधिकांश आयुर्वेदिक अस्पताल डॉक्टर और फार्मेसिस्ट विहीन हैं। अस्सी अस्पतालों में डॉक्टर ही नहीं हैं। बीते जुलाई माह में जिले में 21 आयुर्वेदिक फार्मेसिस्टों की नियुक्ति हुई, जिनमें से करीब 14 फार्मेसिस्ट यहां आए तो लेकिन वह अपने साथ ही जिले के मनचाहे अस्पतालों में अटैचमेंट का पत्र भी ले आए, जो आयुर्वेदिक निदेशालय से निर्गत किया गया था। जब फार्मेसिस्ट और उनके अभिभावक जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो संबंधित अधिकारी ने उन्हें डीएम के पास भेज दिया। डीएम ने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को अटैचमेंट के आदेश को तत्काल निरस्त करते हुए फार्मेसिस्टों को आवंटित अस्पतालों में ज्वाइनिंग देने को निर्देश दिए। वहीं डीएम आशीष जोशी ने कहा कि जब तक प्रतिस्थानी नहीं आ जाता किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को रिलीव नहीं किया जाएगा। अन्य विभागों के विभागाध्यक्षों को भी अधिकारी-कर्मचारियों के अटैचमेंट को निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. आरएस पाल ने बताया कि डीएम की ओर से आदेश को निरस्त कर दिया गया है। उनके निर्देशों का पालन कराया जाएगा।