कर्णप्रयाग। कालेश्वर में हार्क की ओर से आयोजित पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम में अलकनंदा स्वायत्त सहकारिता समूह से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को 1200 फलदार पौधे बांटे गए। साथ ही महिलाओं को पौधों के संरक्षण के साथ ही फलोत्पादन के क्षेत्र में आर्थिकी जुटाने के गुर भी सिखाए।
हार्क कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में चमोली जिले की पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने कहा कि आधुनिक दौर में पर्यावरण संरक्षण पर जोर देने की जरूरत है। हार्क के मुख्य कार्यक्रम प्रबंधक शैलेश पंवार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए संस्था ने महिलाओं को आम्रपाली, नींबू के वर्ष भर फल देने वाली प्रजाति की पौध दी है, जिससे लोग स्वरोजगार कर सकते हैं। हार्क के गणेश उनियाल ने बताया कि समूह से जुड़ी महिलाएं तुलसी की खेती सहित फल प्रसंस्करण का काम कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। इस मौके पर कार्यालय परिसर में पौध रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में समूह की अध्यक्षा बीना देवी, कोषाध्यक्ष ऊषा सिमल्टी, दीपा देवी, रेखा देवी, राजेश्वरी देवी, विमला देवी, उमा देवी, सरिता, ज्योति, इंदुु सती, देवकी, कुलदीप डंगवाल, रमेेश नेगी, हेमा कश्यप, नवीन कांडपाल आदि गांवों की महिलाएं शामिल थीं।