श्रीनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत नेट, यूसेट व पीएचडी धारक शिक्षकों ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर भर्ती के लिए आयु सीमा में छूट दिए जाने की मांग की है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों पर भर्ती के लिए नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) यूसेट (उत्तराखंड राज्य पात्रता परीक्षा) व पीएचडी धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में ऐसे कई शिक्षक हैं जो राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए यह सभी अर्हताएं पूरी करते हैं। इन शिक्षकों ने राज्य सरकार से मांग की है कि असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए जारी विज्ञप्ति के तहत निर्धारित आयु सीमा में उन्हें छूट दी जाए। माध्यमिक शिक्षा में कार्यरत डा. प्रीतम नेगी, डा. महिपाल भंडारी, डा. शैलेंद्र आदि ने कहा कि सरकार ने इन पदों के लिए आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की है, जिससे उनकी वर्षों की उम्मीद पूरी नहीं हो पा रही है। इन शिक्षकों ने आयु सीमा में छूट दिए जाने की मांग की है। कहा कि अगर उनकी मांग को राज्य सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया तो न्यायालय की शरण लेंगे।