श्रीनगर। ब्लॉक स्तर पर नियुक्ति पाने से छूट गए अतिथि शिक्षकों की काउंसिलिंग आठ अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में होगी। इन अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति अंतर विकासखंडीय होगी।
ब्लॉक स्तर पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया संपन्न हो गई है। बावजूद इसके कुछ अतिथि शिक्षक नियुक्ति पाने से रह गए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियमित शिक्षकों की भर्ती से ऐसी स्थिति बनी है। विकासखंड खिर्सू में पूर्व में 8 अतिथि शिक्षक तैनात थे। इनमें से 5 शिक्षकों को विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में नियुक्ति दे दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य ने बताया कि कुछ विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की तैनाती के कारण तीन अतिथि शिक्षक नियुक्ति पाने से रह गए हैं, जिनकी सूची मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेज दी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत ने बताया कि विकासखंड स्तर पर जो अतिथि शिक्षक तैनाती पाने से रह गए हैं, उनके लिए 8 अगस्त को जिला स्तर पर काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग के बाद इन अतिथि शिक्षकों को अंतर विकासखंडीय तैनाती दी जाएगी।