घाट। ब्लॉक के सरपाणी गांव में भालू ने हमला कर एक युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे सीएचसी घाट लाए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेेेंटर रेफर कर दिया गया।
सरपाणी गांव निवासी देवेंद्र सिंह की पुत्री सरिता (21) सुबह सात बजे गांव की कुछ महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थी। घास काटते समय झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक सरिता पर हमला कर दिया। सरिता के चिल्लाने पर आसपास मौजूद कुत्ते भालू पर झपट पड़े और शोर सुनकर महिलाएं मौके पर पहुंची। महिलाओं के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। महिलाएं घायल सरिता को गांव के समीप तक लाईं। इसके बाद सरिता के परिजनों ने उसे ग्रामीणों की मदद से सीएचसी घाट पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।