देवाल। दस माह पूर्व पिंडर नदी किनारे मृत मिले सवाड़ गांव के युवक सुरेश राम की मौत का खुलासा न होने से नाराज मृतक के परिजन और ग्राम प्रधान पटवारी चौकी जैन बिष्ट अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। देर शाम तहसीलदार माणिक लाल भेंतवाल धरना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में एक अतिरिक्त पटवारी और एक होमगार्ड की तैनाती के साथ ही 15 दिनों में पूरी जांच का आश्वासन दिया। इस पर उन्होंने साढ़े सात बजे धरना समाप्त कर दिया।
सवाड़ गांव के 30 साल के सुरेश राम का शव 1 अक्तूबर 2016 को नंदकेशरी के पास पिंडर नदी के किनारे मिला था। सुरेश राम बीटेक फाइनल का छात्र था। सुरेश राम का शव मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक की मां बिमती देवी ने राजस्व पुलिस में हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम चमोली के निर्देश पर इस मामले को पटवारी ग्वालदम से हटाकर पटवारी जैन बिष्ट को सौंपा गया था। तब से मामले की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इससे नाराज मृतक के परिजन और प्रधान देवकी देवी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठक गए थे। बाद में तहसीलदार के आश्वासन पर उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। धरने पर मृतक की मां बिमती देवी, प्रधान देवकी देवी और अन्य महिलाएं शामिल थीं।