अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर सितंबर से टोल टैक्स की वसूली शुरू हो जाएगी। 60 किलोमीटर लंबे हाईवे के फोरलेन का काम पूरा होते ही एनएचएआई की कार्यदायी संस्था एरा इंफ्रास्ट्रक्चर का शनि मंदिर बौंगला के पास टोल प्लाजा चालू हो जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि कंपनी के चेयरमैन एचएस भड़ाना ने रविवार को हाईवे चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर 60 किमी हाईवे का काम 15 सितंबर तक पूरा कर टोल टैक्स की वसूली शुरू करने का निर्देश दिए।
नियमानुसार 80 किलोमीटर में 75 किलोमीटर काम कंपलीट होने पर टोल टैक्स वसूला जा सकता है, किंतु कंपनी 60 किमी काम पूरा करने पर ही बैरियर लगाने की तैयारी में हैं। एरा के परियोजना प्रबंधक बीबी सिंह ने अमर उजाला को बताया कि रुड़की बाईपास को छोड़कर मंगलौर तक सड़क बन चुकी है। लगभग चार किलोमीटर काम सितंबर में पूरा होना है। इस काम के पूरा होते ही 60 किमी सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि रतमऊ नदी का पुल यातायात के लिए चालू कर दिया गया है। बढेड़ी राजपुताना, पतंजलि योगपीठ, ज्वालापुर और सिंहद्वार के बीच करीब चार किमी सड़क का डामरीकरण होना है। सिंहद्वार का फ्लाईओवर भी सितंबर तक चालू हो जाएगा। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि भूपतवाला में प्रशासन यदि विवेकेश्वर आश्रम का अतिक्रमण नहीं हटाता है तो वहां पर चौड़ीकरण कम हो जाएगा।