जोशीमठ। लामबगड़ में एक बार फिर मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे छह घंटे तक बंद रहा। लामबगड़ में हाईवे के बीचों-बीच बह रहे नाले के पानी की निकासी के लिए लोनिवि (एनएच) की ओर से ह्यूम पाइप लगाए गए, इसके बाद भी नाला उफान पर होने से पानी हाईवे पर बह रहा है।
शुक्रवार रात को लामबगड़ क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से सुबह चार बजे लामबगड़ में मलबा आ गया, जिससे यहां नाला भी उफान पर आ गया। शनिवार सुबह पांच बजे मेकाफेरी कंपनी की ओर से मलबा और बोल्डर हटाने का काम शुरू किया गया। जब बदरीनाथ के लिए जा रहे यात्रा वाहन यहां पहुंचे तो वाहनों का जाम लग गया। सुबह दस बजे हाईवे खोल दिया गया। आधा घंटे बाद दोबारा चट्टान से पत्थरों का छिटकना शुरू हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। सुबह ग्यारह बजे पत्थरों का छिटकना बंद हुआ तो फिर जेसीबी से हाईवे खोलने का काम शुरू किया गया। लामबगड़ नाले में भी बोल्डरों का निस्तारण किया गया, जिसके बाद दोपहर एक बजे लामबगड़ में वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। लोनिवि (एनएच) के ईई प्रवीण कुमार का कहना है कि लामबगड़ में हाईवे को सुचारु रखने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम खराब होने से बार-बार हाईवे बाधित हो रहा है।