श्रीनगर। बुघाणी मोटर मार्ग पर खोला गांव के समीप गुलदार ने दो लोगों पर झपट्टा मार घायल कर दिया। दोनों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।
बुधवार शाम करीब साढे़ छह बजे खोला निवासी बीना देवी अपने बेटे के साथ बाइक में श्रीनगर से घर जा रही थी। गांव के समीप ही बालें गदेरे के पास गुलदार ने अचानक झपट्टा मार कर दोनों पर हमला कर दिया। बीना के पैरों पर गुलदार के नाखून से गहरी खरोंचे आई हैं। वहीं हमले के दस मिनट बाद ही पीछे से स्कूटी में आ रहे निर्मल घिल्डियाल पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। निर्मल के पैरों में भी नाखून से खरोंचे आई हैं। दोनों को उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। ग्रामीण नितिन घिल्डियाल ने बताया कि क्षेत्र में एक सप्ताह से दो गुलदार सक्रिय हैं, जिसकी वन विभाग से शिकायत भी की गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों को साफ करने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। तहसीलदार सुनील राज भी घायलों को देखने संयुक्त अस्पताल पहुंचे।
......
अस्पताल में नहीं मिले रैबीज के टीके
श्रीनगर। संयुक्त अस्पताल में रैबीज के टीके उपलब्ध न होने से घायलों के परिजनों को टीके बाहर से खरीदने पड़े। अस्पताल में एंटी रैबीज टीके न होने पर स्थानीय निवासियों ने कड़ा आक्रोश जताया।