श्रीनगर (ब्यूरो)। गढ़वाल विवि में वर्षों से कार्यरत 85 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को समान कार्य, समान वेतन का लाभ मिलेगा। हाईकोर्ट के निर्देशों व शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद की पहल पर गढ़वाल विवि के कुलपति ने इन कर्मचारियों को निर्धारित वेतन बैंड के साथ ही ग्रेड पे व महंगाई भत्ता दिए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
गढ़वाल केंद्रीय विवि में करीब 15 वर्षों से अल्प वेतन पर दैनिक व नियत वेतनमान पर कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से समान कार्य समान वेतन की मांग करते आ रहे हैं। इस संदर्भ में कर्मचारियों ने हाईकोर्ट में भी अपील दायर की थी। हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में कुलपति प्रो. जेएल कौल ने चतुर्थ एवं तृतीय श्रेणी पदों पर कर्मचारियों को निर्धारित वेतन बैंड के साथ ही ग्रेड पे व महंगाई भत्ता भुगतान किए जाने की स्वीकृति के आदेश जारी किए। आदेश जारी होते ही विवि के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों खुशी में मिठाई बांटकर कुलपति प्रो. जेएल कौल व प्रति कुलपति प्रो. डीएस नेगी का सम्मान किया। इस मौके पर शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष सुनील भट्ट, सचिव सुनील रावत, सहसचिव धर्मपाल, कोषाध्यक्ष कुलदीप रावत, पूर्व अध्यक्ष विक्रम रावत, पुष्कर चौहान, गिरीश डंगवाल, कमलेश नैथानी आदि मौजूद रहे।