गोपेश्वर। नागपुर क्षेत्र की आराध्य देवी मां इंद्रामति की डोली 23 जुलाई को बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर जाएंगी। बृहस्पतिवार को मां इंद्रामति की डोली घुड़साल गांव स्थित अपने मंदिर के गर्भगृह से परिसर में लाई गईं, जहां सैकड़ों भक्तों ने दर्शन कर परिवार की कुशलता की मनौती मांगी। अपनी आराध्य देवी से मिलने के लिए ध्याणियां (विवाहित बेटियां) भी इन दिनों मायके आई हैं। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने भी घुड़साल गांव पहुंचकर मां इंद्रामति का आशीर्वाद लिया।
घुुड़साल मंदिर में बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से पूजा शुरू हुई। आचार्य पंडित बदरी प्रसाद मैठाणी, रमेश मैठाणी, विजय प्रसाद मैठाणी और त्रिलोक चंद्र मैठाणी ने वैदिक मंत्रों के साथ विशेष पूजा की। सुबह ग्यारह बजे मां इंद्रामति ने पश्वा पर अवतरित होकर मंदिर में पहुंचे और भक्तों को आशीर्वाद दिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष चरण सिंह पंवार ने बताया कि मां इंद्रामति की डोली दो दिनों तक घुड़साल गांव में ही भक्तों को दर्शन देंगी। वर्ष 2012 में मां इंद्रामति केदारनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर गई थीं। अब 23 जुलाई को मां बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर जाएंगी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत, ग्राम प्रधान शिशुपाल सिंह कंडारी, भीम सिंह नेगी और जयदेव सिंह पंवार आदि मौजूद थे।