कर्णप्रयाग। गैरसैंण ब्लाक के राजकीय इंटर कालेज नैल खंसर में शिक्षकों की नियुक्ति के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने बच्चों को शुक्रवार से स्कूल भेजने का निर्णय लिया। बृहस्पतिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को 27 जुलाई तक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने कहा यदि तय समय तक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
गैरसैंण ब्लाक के दूरस्थ जीआईसी नैल खंसर में एक भी प्रवक्ता तैनात नहीं थे। ऐसे में अभिभावक छह दिनों से अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे थे। बुधवार को ग्रामीणों से वार्ता के लिए विद्यालय पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी एसआर आर्य और राजस्व निरीक्षक रघुवीर सिंह को पांच घंटे तक बंधक बनाया गया था। तब विधायक के आश्वासन पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को छोड़ा था। बृहस्पतिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आशुतोष भंडारी सहित खंड शिक्षा अधिकारी एलआर आर्य विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों के साथ ढाई घंटे तक वार्ता की गई। वार्ता में निर्णय लिया गया कि 24 जुलाई को मुख्य शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा से मिलेेगा। साथ ही 27 जुलाई तक विद्यालय में खाली पड़े प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीण माने और शुक्रवार से बच्चों को स्कूल भेजने का निर्णय लिया। इस दौरान अभिभावक संघ अध्यक्ष रघुवीर सिंह, प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत हेमलता देवी, भजन सिंह और इंद्र सिंह आदि मौजूद थे।